मुजफ्फरपुर :शराब तस्कर रोज नए हथकंडे अपना रहे हैं। इस बार सेना के फर्जी बक्से में शराब कार्टन रख कर ट्रक से तस्करी का खुलासा हुआ है। मीनापुर में गुप्त सूचना पर उत्पादन विभाग ने शुक्रवार को तड़के घेराबंदी कर एक ट्रक को रोका। जांच में सेना के फर्जी बक्से से 215 कार्टन शराब जब्त की गई।
इसकी कीमत तकरीबन 50 लाख रुपये है। ट्रक ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया गया। उससे पूछताछ के आधार पर चार स्थानीय शराब तस्करों की पहचान हुई है। उत्पाद अधीक्षक दीनबंधु ने बताया कि शराब की खेप मीनापुर इलाके में पहुंचने का इनपुट मिला। सुबह चार बजे उन्होंने इंस्पेक्टर सौरव कुमार सब इंस्पेक्टर रामेश्वर टुड्डू के साथ मीनापुर में शाहपुर के पास ट्रक की घेराबंदी की। ट्रक ड्राइवर ने पूछताछ में बताया कि सेना के तीन जवानों का सामान चंडीगढ़ से सिलीगुड़ी भेजा जा रहा है। तीनों बॉक्स पर ट्रांजिट पर्चा चस्पा था। लेकिन, पहली नजर में ही बॉक्स बनावटी लगा। साथ ही सेना के सामान ट्रांजिट होने पर वाहन में कोई कोई जवान भी रहता है। लेकिन, इस ट्रक पर कोई जवान भी नहीं था। जब तीनों बॉक्स खोला गया, तो 215 कार्टन शराब बरामद हुई। ड्राइवर सोनू को गिरफ्तार कर लिया गया। वह हरियाणा के बहादुरगढ़ का है। जबकि, ट्रक लखनऊ में हजरतगंज के किसी दीपक कुमार के नाम पर है। अब ट्रक को राज्य सात कर सरकारी संपत्ति घोषित करने की कार्रवाई होगी।
हरियाणा से आई थी खेप
उत्पादअधीक्षक का कहना है कि शराब की खेप हरियाणा से मीनापुर छपरा के शराब तस्कर पप्पू राय दरभंगा रत्नपुर के गोपाल ठाकुर ने मंगवाई थी। सीतामढ़ी जिले के महिंदवारा के अखिलेश कुमार और रून्नीसैदपुर का मुकेश कुमार भी शराब तस्करी में संलिप्त है। इन सभी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
15दिन पहले भी बरामद हुई थी एक ट्रक शराब
उल्लेखनीयहै कि 15 दिन पहले भी मीनापुर में ही पुलिस ने छापेमारी कर एक ट्रक शराब बरामद की थी। वह खेप भी पप्पू राय ने ही मंगवाई थी। पप्पू राय की गिरफ्तारी उत्पाद विभाग पुलिस के लिए चुनौती बन गई है। उसकी दरभंगा के गोपाल ठाकुर से साठ-गांठ की बात सामने आई है।
https://mithilanchalnews.in पर प्रकाशित कुछ समाचार विभिन्न समाचार स्रोतों की RSS फ़ीड से स्वचालित रूप से लिए जाते हैं। यह सामग्री संबंधित मूल स्रोत की है और इसकी सत्यता, अद्यतन स्थिति या मौलिकता के लिए हम जिम्मेदार नहीं हैं।
यदि किसी स्रोत या प्रकाशक को कोई आपत्ति हो, तो कृपया हमसे संपर्क करें। हम शीघ्र उचित कार्रवाई करेंगे।
— Mithilanchal News टीम


