SLvIND: भारत ने गेंदबाजी में भी की शानदार शुरुआत, दूसरे दिन श्रीलंका को दिए दो झटके

कोलम्बो टेस्ट के दूसरे दिन का खेल समाप्त होने पर श्रीलंका ने पहली पारी में 2 विकेट के नुकसान पर 50 रन बनाए। कप्तान दिनेश चांडीमल 8 और कुसल मेंडिस 16 रन बनाकर क्रीज पर हैं।  भारत ने पहली पारी 9 विकेट पर 622 रन बनाकर घोषित की। मेजबान टीम के करुनारत्ने (25) और उपुल थरंगा (0) आउट होने वाले बल्लेबाज रहे। श्रीलंका पहली पारी के आधार पर अभी भी भारत से 572 रन दूर है। रविचंद्रन अश्विन ने 38 रन देकर दो विकेट झटके।

पहला सत्र
श्रीलंका के खिलाफ दूसरे टेस्ट के दूसरे दिन लंच तक भारत ने 5 विकेट के नुकसान पर 442 रन बनाए। रविचंद्रन अश्विन 47 और विकेटकीपर बल्लेबाज ऋद्धिमान साहा 16 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। आउट होने वाले बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा (133) और अजिंक्य रहाणे (132) रहे। श्रीलंका की तरफ से करुनारत्ने और पुष्पकुमारा ने इस सत्र में 1-1 विकेट झटकने में सफलता प्राप्त की।

इससे पहले दिन की शुरुआत के कुछ समय बाद ही चेतेश्वर पुजारा को करुनारत्ने ने पगबाधा कर दिया। अजिंक्य रहाणे ने कल के स्कोर में 29 रन जोड़े लेकिन उन्हें भी डिकवेला ने पुष्पकुमारा की गेंद पर कैच करते हुए चलता किया लेकिन अश्विन के साथ मिलकर तब तक उन्होंने 50 से अधिक रनों की साझेदारी कर दी थी। 413 रनों पर 5 विकेट गिरने के बाद अश्विन और साहा ने लंच सेशन पूरा होने तक कोई अन्य विकेट नहीं गिरने दिया। दोनों मिलकर अब तक 29 रनों की नाबाद साझेदारी कर चुके हैं।

टीम इंडिया विशाल स्कोर की तरफ बढ़ रही है और कप्तान कोहली भी यही चाहेंगे कि पहली पारी में बड़ा स्कोर खड़ा कर विपक्षी टीम पर दबाव बनाया जा सके।
दूसरा सत्र
चायकाल के समय तक भारत ने 7 विकेट पर 553 रन बनाए। रविन्द्र जडेजा 37 और रिद्धिमान साहा 59 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। इस सत्र में आउट होने वाले बल्लेबाज रविचंद्रन अश्विन (54), हार्दिक पांड्या (20) रहे, श्रीलंका को हेरात और पुष्पकुमारा ने एक-एक सफलता दिलाई। उस सत्र में 111 रन बने और 2 विकेट गिरे।

लंच के बाद खेलने उतरी टीम इंडिया के लिए रविचंद्रन अश्विन ने शानदार अर्धशतक जमाया। उन्होंने बल्ले से प्रदर्शन करते हुए दिखा दिया कि क्यों उन्हें विश्व के श्रेष्ठ टेस्ट ऑलराउंडरों में गिना जाता है। हालांकि हेरात ने अश्विन को बोल्ड कर छठे विकेट की साझेदारी को तोड़ दिया।

इसके बाद हार्दिक पांड्या ने आकर कुछ आक्रामक शॉट खेले। उन्होंने 20 गेंदों में 20 रन बनाए जिसमें 3 चौके शामिल थे। लॉन्गऑफ़ के ऊपर से छक्का लगाने के प्रयास में उन्होंने पुष्पकुमारा की गेंद पर एंजेलो मैथ्यूज को कैच थमा दिया। सातवां विकेट गिरने के समय भारत का कुल स्कोर 496 रन था। यहां से साहा और जडेजा ने मोर्चा संभाला, साहा ने पिच पर बल्लेबाजी का लुत्फ़ उठाते हुए कमजोर गेंदों पर प्रहार करते हुए अर्धशतक पूरा किया।

ऋद्धिमान साहा का साथ रविन्द्र जडेजा ने बखूबी निभाते हुए 1 चौके और दो छक्कों की मदद से नाबाद 37 रन बनाए। दोनों मिलकर अब तक 57 रन जोड़े हैं।
तीसरा सत्र

चाय के बाद भारत ने आक्रमाक अंदाज में खेलना जारी रखा। ऋद्धिमान साहा (67) ने हेरात की घूमती हुई गेंद को आगे निकलकर खेलने के प्रयास में स्टम्पिंग के रूप में अपना विकेट गंवा दिया। रविन्द्र जडेजा ने कुछ शानदार छक्कों से मेजबान गेंदबाजों की लय बिगाड़ना जारी रखा। उन्होंने अपना अर्धशतक पूरा करने के बाद भी आक्रमण जारी रखा। मोहम्मद शमी ने भी कुछ आकर्षक शॉट खेल दर्शकों का मनोरंजन किया। उन्होंने इस दौरान 2 गगनचुम्बी छक्के जड़े। 600 का स्कोर पार होने पर लगने लगा था कि टीम इंडिया की पारी कभी भी घोषित की जा सकती है. अंत में कप्तान कोहली ने पारी घोषित कर दी. जडेजा 70 रन पर नाबाद रहे। श्रीलंका की शुरुआत अच्छी नहीं रही और दूसरे ओवर में थरंगा शून्य पर अश्विन का शिकार बन गए। इसके बाद करुना रत्ने ने टिककर बल्लेबाजी करने की कोशिश की लेकिन दिन का खेल समाप्त होने से कुछ समय पहले उन्हें भी अश्विन ने चलता किया।

संक्षिप्त स्कोर
भारत पहली पारी: 622/9, पारी घोषित (पुजारा 133, रहाणे 132, हेरात 154/4)

श्रीलंका पहली पारी: 50/2 (करुनारत्ने 25, अश्विन 38/2)

source(sportskeeda)

admin