muzaffarpur:पार्षद प्रियंका शर्मा के घर से गिरफ्तार आरोपियों को नहीं मिली जमानत

मुजफ्फरपुर : वार्ड 36 की पार्षद बन चुकीं प्रियंका शर्मा के घर से निकाय चुनाव की वोटिंग के दिन गिरफ्तार उदय शंकर शर्मा, विजय शंकर शर्मा और मनीष कुमार की जमानत अर्जी को कोर्ट ने बुधवार को खारिज कर दिया। तीनों को मिठनपुरा पुलिस रविवार को प्रत्याशी प्रियंका शर्मा को पुलिस हिरासत से भगाने के आरोप में गिरफ्तार किया था। उदय शंकर शर्मा और विजय शंकर शर्मा पार्षद प्रियंका शर्मा के पति रवि शंकर शर्मा उर्फ बब्बू के सगे भाई हैं। उल्लेखनीय है कि रविवार को वोटिंग के समय गुप्त सूचना पर डीएम-एसएसपी ने प्रियंका शर्मा के आवास पर छापेमारी कर लैपटॉप ईपिक बरामद किया था। प्रियंका शर्मा को हाउस अरेस्ट किया गया था। शाम में हंगामा कर प्रियंका शर्मा को भगा दिया गया। मजिस्ट्रेट चंद्रशेखर राय ने मिठनपुरा थाने में इसकी प्राथमिकी दर्ज कराई। इसमें 10 लोगों को नामजद और 200 अज्ञात को आरोपित किया। मौके से हिरासत में ली गई महिलाओं को थाने से ही जमानत दे दी गई थी। जबकि, उदय शंकर शर्मा, विजय शंकर शर्मा और मनीष कुमार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया था।

                                इधर, कल्याणी चौक पर बवाल मामले में 7 को जेल, 3 प्रत्याशी पति पर प्राथमिकी

मुजफ्फरपुर :चुनावमें हार के बाद ईवीएम में गड़बड़ी का आरोप लगा कर कल्याणी चौक को जाम कर हंगामा करने और महिला पुलिस से दुर्व्यवहार के आरोप में गिरफ्तार 7 लोगों को बुधवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। इनमें एक महिला प्रत्याशी के पति भी शामिल हैं। इन लोगों के खिलाफ सरकारी काम में बाधा डालने, महिला पुलिसकर्मी से दुर्व्यवहार और जानबूझ कर लोगों की जान को जोखिम में डालने जैसी धाराओं के तहत टाउन थाना में प्राथमिकी दर्ज हुई है। जेल भेजे गये आरोपियों के साथ तीन महिला प्रत्याशियों के पति को भी नामजद किया गया है।
मंगलवार को वार्ड 24 का रिजल्ट घोषित होने के बाद शाम में हारे हुए प्रत्याशी के समर्थकों ने कल्याणी चौक को जाम कर बवाल किया। महिला सिपाहियों द्वारा रोकने पर उनके साथ दुर्व्यवहार किया। बाद में पहुंची पुलिस ने लाठीचार्ज कर भीड़ को तितर-बितर कर प्रत्याशी गीता देवी के पति राजू कुमार समेत सात लोगों को गिरफ्तार कर लिया। नगर थाना के एसआई ध्रुव नारायण के बयान पर मामले की एफआईआर दर्ज हुई।
एफआईआर के अनुसार कल्याणी चौक पर 5 महिला सिपाही तैनात थी। दोपहर बाद 3 बजे सौ की संख्या में पहुंचे लोगों ने कल्याणी चौक को जाम कर दिया। महिला सिपाही से दुर्व्यवहार के साथ सरकारी काम में बाधा पहुंचाई। अतिरिक्त बल के साथ पहुंचे टाउन थानाध्यक्ष केपी सिंह ने बल प्रयोग कर भीड़ को काबू किया। राजू कुमार, मुकेश कुमार, शंकर कुमार, उमेश कुमार, अमन कुमार, राहुल कुमार और प्रभात कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोप है कि भीड़ का नेतृत्व मुख्य रूप से प्रत्याशी रंजू देवी के पति रवि शंकर प्रसाद, प्रत्याशी गीता देवी के पति राजू कुमार और प्रत्याशी संगीता देवी के पति मुकेश कुमार सिन्हा कर रहे थे। राजू कुमार के साथी ओंकार सिंह पर बदतमीजी का आरोप है। बुधवार को टाउन थाना से सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

admin