#bihar: श्रीदेवी के निधन पर सीएम नीतीश व तेजस्‍वी ने जताई संवेदना 

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने श्रीदेवी के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि वे एक उत्कृष्ट अभिनेत्री थी। फिल्म जगत में महत्वपूर्ण योगदान के लिए उन्हें पद्मश्री सम्मान से भारत सरकार द्वारा सम्मानित किया गया था। अपने अभिनय से वे फिल्म प्रेमियों के बीच काफी लोकप्रिय थीं। मुख्‍यमंत्री ने
श्रीदेवी की आत्मा की शांति तथा उनके परिजनों, प्रशंसकों एवं अनुयायियों को दु:ख की इस घड़ी में धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है। अपने ट्वीट में उन्‍होंने लिखा है, ‘प्रख्यात फिल्म अभिनेत्री श्रीदेवी जी का असामयिक निधन दुखद है। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दें।’

बिहार से भाजपा नेता शाहनवाज हुसैन ने अपने शोक संदेश में श्रीदेवी के भारतीय सिनेमा में योगदान को याद किया। उन्‍होंने श्रीदेवी के पति बोनी कपूर तथा परिवार के प्रति संवदेना व्‍यक्‍त की।
श्रीदेवी के निधन पर बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्‍वी यादव ने भी संवेदना व्‍यक्‍त की। तेजस्‍वी ने श्रीदेवी की आत्‍मा की शांति के लिए प्रार्थना की है।

सोशल मीडिया में भी शोक की लहर
श्रीदेवी के निधन से सोशल मीडिया शोक में डूबा है। श्रीदेवी के प्रशंसक फिल्‍मों में उनके योगदान को याद कर रहे हैं। रविवार को हैशटैग #Sridevi ट्विटर पर टॉप ट्रेंड में है। श्रीदेवी की फिल्‍मों से संबंधित हैशटैग्‍स #EnglishVinglish, #Chandni, #Mr India तथा #Sadma भी ट्विटर पर टॉप ट्रेंड में शामिल हैं।



दुबई में हुआ निधन
विदित हो कि श्रीदेवी अपने पति बोनी कपूर और छोटी बेटी खुशी के साथ दुबई में एक वेडिंग फंक्शन के सिलसिले में गई थीं। वहां, अचानक कार्डियक अरेस्ट से उनका निधन हो गया। 54 साल की श्रीदेवी ने अपना फिल्‍मी कॅरियर बतौर बाल कलाकार शुरू किया था। बॉलीवुड में आने से पहले उन्‍होंने तमिल, तेलुगु, मलयालम और कन्नड फिल्मों में काम किया था। उन्‍होंने ‘मिस्टर इंडिया’, ‘चांदनी’ और ‘नगीना’ जैसी सुपरहिट फिल्मों में काम किया। सरकार ने उन्हें 2013 में पद्मश्री से भी सम्‍मानित किया।

             ————————————————-mithilanchalnews————————————————————–
फटाफट ख़बरों के लिए हमे फॉलो करें फेसबुकट्विटर, गूगल प्लस पर..

Read all latest  headlines in Hindi. Also don’t miss today’s Hindi News.

admin