बिहार में RJD MLA के घर पर अंधाधुंध फायरिंग, गोलीबारी में शिक्षक सहित दो घायल

बेगूसराय [mn]। जिला के गढ़पुरा थाना क्षेत्र के कुम्हारसो गांव में शुक्रवार की देर शाम बखरी से राजद विधायक उपेंद्र पासवान के घर पर अपराधियों ने अंधाधुंध फायरिंग की। विधायक के अनुसार अपराधी उन्हें टारगेट में रख कर आए थे, लेकिन संयोग से उस वक्त वे वहां नहीं थे और शायद अपराधी उन्हें पहचानते भी नहीं थे।

गोली कुम्हारसो मध्य विद्यालय के प्रधानाध्यापक नवल किशोर मुखिया के पेट में लगी। गंभीर रूप से घायल शिक्षक को इलाज के लिए बेगूसराय ले जाया गया। अपराधियों ने इस घटना से कुछ देर पूर्व विधायक के घर से कुछ दूर एक राहगीर को भी गोली मारकर घायल कर दिया था। घायल युवक खगडिय़ा का रहना वाला है। उसका इलाज गढ़पुरा पीएचसी में चल रहा है।



जानकारी के अनुसार शिक्षक नवल किशोर मुखिया और कुम्हारसो के ग्रामीण कशिश मियां विधायक के दरवाजे पर बैठे थे। गढ़पुरा की ओर से बाइक पर सवार दो अपराधी विधायक के घर के समीप पहुंचते ही अंधाधुंध फायरिंग करने लगे। शिक्षक नवल किशोर मुखिया को गोली लगी और वह गंभीर रूप से जख्मी हो गए।

शिक्षक को गोली लगते ही अफरातफरी मच गई। जब तक लोग कुछ समझ पाते अपराधी गोली चलाते हुए बखरी की ओर भाग गए। घटना के समय विधायक बखरी प्रखंड के राजद अध्यक्ष सुरेश यादव, नावकोठी प्रखंड के राजद अध्यक्ष जनार्दन यादव, गढ़पुरा प्रखंड के राजद अध्यक्ष नंदलाल महतो एवं कुछ ग्रामीणों के साथ पास के ही एक घर के समीप बातें कर रहे थे।

विधायक का कहना है कि अपराधियों ने मुझे दरवाजे पर बैठा समझ कर गोली चलाई। दरवाजे पर शिक्षक बैठे थे, इसलिए गोली उन्हें लगी। इस घटना से पूर्व अपराधियों ने खगडिय़ा जिला के अलौली निवासी संजीव कुमार महतो को भी गोली मारकर जख्मी कर दिया।

एसपी आदित्य कुमार मौके पर पहुंचे और जांच की। एसपी ने बताया कि गोली चलाने वाले अपराधियों को चिह्नित कर लिया गया है। सीसीटीवी में उनकी तस्वीर कैद हो गई है।

jagran
             ————————————————-mithilanchalnews————————————————————–
फटाफट ख़बरों के लिए हमे फॉलो करें फेसबुकट्विटर, गूगल प्लस पर..

Read all latest  headlines in Hindi. Also don’t miss today’s Hindi News.

admin