सीतामढ़ी में फल विक्रेता को मारी गोली, अस्पताल ले जाते समय मौत

    सीतामढ़ी :नगरथाना क्षेत्र के बसवरीया स्थित लक्ष्मीनगर में सोमवार की सुबह हथियार बंद अपराधियों ने एक 20 वर्षीय फल विक्रेता को गोली मारकर हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी आराम से भाग निकले। मृतक की पहचान मेहसौल नवीकरीन निवासी स्व. रफीक अंसारी के पुत्र फल विक्रेता मो. जावेद अंसारी के रूप में की गई है। जावेद को सीने पेट में गोली लगी है। मृतक रेलवे स्टेशन परिसर में फल की दुकान चलाता था। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सीतामढ़ी-सोनबरसा पथ के आजाद चौक पर शव रख सड़क जाम कर दिया। सूचना पर डीएसपी कुमार वीर धीरेन्द्र, नगर इंसपेक्टर कुवर चंद, मेहसौल ओपी प्रभारी एजाज कौशर समेत पुनौरा ओपी प्रभारी, मेजरगंज थाना प्रभारी नगर थाना प्रभारी ने दल बल के साथ पहुंचकर मामले को शांत कर जाम समाप्त करवाया। इस दौरान पुलिस को आक्रोशितों का भी सामना करना पड़ा।




    मौके पर पहुंचे मुखिया पति मो. आरिफ ने कबीर अंत्येष्ठी योजना के तहत तीन हजार पारिवारिक लाभ योजना के तहत 20 हजार रुपया देने की घोषणा की। इस सिलसिले में मृतक के भाई अहमद तनवीर ने थाना में एक प्राथमिकी दर्ज कराई है जिसमें पिंटू कुमार,चंदन कुमार, अनिल कुमार, मोनू कुमार समेत 11 लोगों को नामजद किया है। बताया जाता है कि मृतक जावेद रविवार की शाम से ही घर से लापाता था। उक्त अपराधियों ने किसी कार्य के लिए उसे दुकान से बुलाकर ले गया। सोमवार की अहले सुबह उसे दो गोली मारकर भाग निकला। गोली की आवाज सुनकर आस पड़ोस के लोग दौड़ पड़े। ग्रामीणों ने इलाज के लिए उसे सीतामढ़ी स्थित एक निजी क्लिनिक में भर्ती कराया जहां चिकित्सक ने उसे मुजफ्फरपुर रेफर कर दिया। मुजफ्फरपुर ले जाने के क्रम में रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। मृतक की मां ने बताया कि हत्यारा पिंटू की मां शोभा देवी शराब की कारोबार करती है। कुछ दिन पूर्व उसने अपने बेटे को संभल जाने की धमकी दी थी। धमकी के बाद उसकी हत्या कर दी गई। डीएसपी कुमार वीर धीरेन्द्र ने बताया कि मामले की तहकीकात की जा रही है। जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

    स्पष्टीकरण:
    https://mithilanchalnews.in पर प्रकाशित कुछ समाचार विभिन्न समाचार स्रोतों की RSS फ़ीड से स्वचालित रूप से लिए जाते हैं। यह सामग्री संबंधित मूल स्रोत की है और इसकी सत्यता, अद्यतन स्थिति या मौलिकता के लिए हम जिम्मेदार नहीं हैं।

    यदि किसी स्रोत या प्रकाशक को कोई आपत्ति हो, तो कृपया हमसे संपर्क करें। हम शीघ्र उचित कार्रवाई करेंगे।

    Mithilanchal News टीम

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *