केरल के वन मंत्री के राजू ने पलक्कड़ में गर्भवती हाथी की हत्या मामले की जांच के लिए तीन टीमों को नियुक्त किया है। पुलिस भी मामले की जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि इस मामले में कड़ी कार्रवाई की जाएगी ताकि ऐसी घटना दोबारा कभी ना हो। गर्भवती हथिनी की मौत के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तारी किया जा चुका है, जबकि कुछ अन्य से इस संबंध में पूछताछ चल रही है।
केरल के वन मंत्री के राजू ने इसकी जानकारी देते हुए बताया है कि केरल के पलक्कड में गर्भवती हथिनी की मौत के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। इससे पहले गर्भवती हथिनी के मौत के मामले में तीन संदिग्धों से गुरुवार को पूछताछ की गई।
इस घटना ने देश को झकझोर कर रख दिया। केरल के साइलेंट वैली नेशनल पार्क की एक गर्भवती हथिनी को कुछ लोगों ने पटाखों से भरा अनानास खिला दिया था। अनानास चबाते ही उसमें हुए विस्फोट से हथिनी का जबड़ा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था। हफ्तेभर बाद 27 मई को पलक्कड़ में वेल्लियार नदी में हथिनी की मौत हो गई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पता चला कि हथिनी गर्भवती थी।
मुख्यमंत्री ने कहा- हर हाल में दोषियों को सजा होगी
देश भर में घटना की हो रही निंदा और लोगों के गुस्से के बीच केरल के मुख्यमंत्री पी विजयन ने बुधवार को कहा था कि कोझिकोड से वन्यजीव अपराध जांच दल को इस मामले की पड़ताल की जिम्मेदारी दी गई है। उन्होंने भरोसा दिलाया है कि दोषियों को हर हाल में सजा होगी।
https://mithilanchalnews.in पर प्रकाशित कुछ समाचार विभिन्न समाचार स्रोतों की RSS फ़ीड से स्वचालित रूप से लिए जाते हैं। यह सामग्री संबंधित मूल स्रोत की है और इसकी सत्यता, अद्यतन स्थिति या मौलिकता के लिए हम जिम्मेदार नहीं हैं।
यदि किसी स्रोत या प्रकाशक को कोई आपत्ति हो, तो कृपया हमसे संपर्क करें। हम शीघ्र उचित कार्रवाई करेंगे।
— Mithilanchal News टीम


