क्राइम रिपोर्टर | मुजफ्फरपुर
एनएच-28पर गैस लदे टैंकर की अवैध पार्किंग के विरोध में शेरपुर गांव के लोगों ने गुरुवार को आईओसी के गैस बॉटलिंग प्लांट पर ढाई घंटे तक हंगामा किया। सुबह 10 बजे पहुंचे ग्रामीणों ने प्लांट के गेट में ताला लगा दिया। स्थानीय प्रशासन आईओसी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। 12:30 बजे तक प्लांट में टैंकर का प्रवेश भी नहीं होने दिया। ग्रामीणों का कहना था कि एनएच पर टैंकरों की पार्किंग से कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। बुधवार को भी बड़ी दुर्घटना होते-होते बची। सूचना पर मुशहरी सीओ नागेंद्र कुमार सदर थानेदार सुजाउद्दीन खान दल-बल के साथ वहां पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों की प्लांट के अधिकारी से वार्ता कराई। ग्रामीणों ने सोमवार तक पार्किंग की व्यवस्था अन्यत्र कर लेने की चेतावनी देते हुए उसके बाद अनिश्चितकाल के लिए प्लांट में तालाबंदी करने की चेतावनी दी। ग्रामीणों को प्लांट के अधिकारी निखिल वत्स ने कहा कि पार्किंग की व्यवस्था बरौनी अथवा कानपुर के वरीय अधिकारी ही कर सकते हैं। हालांकि, उन्होंने ग्रामीणों का आवेदन तत्काल आईओसी के वरीय अधिकारियों को फैक्स कर दिया।
मुखिया अफरोज आलम, केशव कुमार, राजू ठाकुर, गुड्डू तिवारी, वेद प्रकाश, बबलू कुमार समेत अन्य ग्रामीणों ने बताया कि गैस प्लांट के डेढ़ सौ बुलेट टैंकर गैस लेकर एनएच पर दिघरा नहर पुल से लेकर कच्ची पक्की तक खड़ रहते हैं। इससे आए दिन दुर्घटना हो रही है। कई बार हादसा किसी तरह टलता है। बुधवार को हुई बाइक सवार की मौत में अवैध पार्किंग भी एक वजह थी। शुक्र था कि आग नहीं लगी। एनएच पर खड़े किए जानेवाले गैस लदे बुलेट टैंकर के कारण दो दर्जन गांव आग के ढेर पर हैं।
https://mithilanchalnews.in पर प्रकाशित कुछ समाचार विभिन्न समाचार स्रोतों की RSS फ़ीड से स्वचालित रूप से लिए जाते हैं। यह सामग्री संबंधित मूल स्रोत की है और इसकी सत्यता, अद्यतन स्थिति या मौलिकता के लिए हम जिम्मेदार नहीं हैं।
यदि किसी स्रोत या प्रकाशक को कोई आपत्ति हो, तो कृपया हमसे संपर्क करें। हम शीघ्र उचित कार्रवाई करेंगे।
— Mithilanchal News टीम


