दरभंगा:मत्स्य जीवी नामांकन को लेकर शुक्रवार को सदर प्रखंड मुख्यालय पर उमड़ी भीड़ के आगे प्रशासन बेदम दिखा। चारों तरफ अफरा-तफरी का माहौल था। एक ही काउंटर नामांकन के लिए रखने के कारण लोगों की भीड़ उसी जगह जुटती चली गई, जिससे मुख्य रास्ता म्यूजियम से लेकर प्रखंड कार्यालय तक जाम हो गया। हर तरह वाहनों का वहां जमावड़ा लगने से भीषण गर्मी में लोग बिलबिलाते रहे। किसान भवन पर भीड़ जुटने के बाद भी सुरक्षा व्यवस्था को संभालने के लिए कहीं कोई व्यवस्था नहीं की गई थी।
इधर, प्रखंड कृषि पदाधिकारी विमलेश कुमार मिश्रा ने बताया कि मछुआ सोसाइटी के लिए कुल अठारह लोगों ने नामांकन किया है। इसमें सदस्य के लिए राजकुमार सहनी, संतोष कुमार सहनी, ललित सहनी, रामनारायण सहनी, शत्रुघ्न सहनी, विशो सहनी, सत्तो सहनी, गोपाल सहनी, रंजित सहनी सहित कुल अठारह लोगों ने पुरुष वर्ग में नामांकन किया। वहीं, महिला वर्ग में गंगा देवी, पवित्री देवी, कौशल्या देवी, राजवती देवी, सीता देवी सहित नौ लोगों ने नामांकन दाखिल किया। अध्यक्ष पदों पर तीन लोगों ने नामांकन दाखिल किया, जिसमें शिवकुमार सहनी रामनारायण सहनी शामिल हैं। एआरओ विमलेश कुमार मिश्रा ने बताया कि नामांकन की छंटनी शनिवार को होगी। चुनाव 29 जून को तय है।