दरभंगा:गंदगी को लेकर इन दिनों स्थानीय जंक्शन पर सफाई अभियान तेज हो गया है। बीते शुक्रवार को समस्तीपुर रेल मंडल के डीआरएम आरके जैन ने जंक्शन को निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को साफ-सफाई को लेकर विशेष निर्देश दिए थे। ज्ञात हो कि देश के ग्रेड स्टेशनों में गंदगी के लिहाज से स्थानीय जंक्शन प्रथम स्थान प्राप्त हुआ था। इसके बाद से ही जंक्शन पर अधिकारियों के लगातार दौरे हो रहे हैं और साफ सफाई को लेकर विशेष निगरानी भी रखी जा रही है और गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ अभियान भी चलाया जा रहा है। साथ ही परिसर में लोगों को गंदगी फैलाने को लेकर जागरूक भी किया जा रहा है। इसी के तहत दो दिनों से आरपीएफ की ओर से जंक्शन पर सफाई अभियान चलाया गया। रविवार को जंक्शन के बाहरी परिसर में सफाई अभियान चलाया गया जिसके तहत बाहरी परिसर में फैली गंदगी साफ की गई। जंक्शन के बाहरी परिसर में प्रवेश द्वार पर सबसे अधिक गंदगी होती है। वहां फल, पान मसाला आदि के दुकानों से हमेशा कचरा फैला रहता है जिससे यात्रियों को जंक्शन में घुसते ही गंदगी का आभास होता है। वहीं जंक्शन के प्लेटफॉर्मों पर भी सफाई अभियान चल रहा है। प्लेटफॉर्मों पर भी सफाई कर्मी नियमित रूप से सफाई कर रहे हैं। जंक्शन पर गंदगी फैलाने वालों पर नकेल कसी जा रही है। इसी के तहत रविवार को नौ लोगों पर कार्रवाई की गई। जानकारी देते हुए आरपीएफ इंस्पेक्टर जवाहर लाल ने बताया कि प्लेटफाॅर्म संख्या एक, दो बाहरी परिसर से इन लोगों को खुले में थूकते पेशाब करते पकड़ा गया। इन सभी लोगों पर चालान कर 3270 रुपए दंड वसूली की गई।
https://mithilanchalnews.in पर प्रकाशित कुछ समाचार विभिन्न समाचार स्रोतों की RSS फ़ीड से स्वचालित रूप से लिए जाते हैं। यह सामग्री संबंधित मूल स्रोत की है और इसकी सत्यता, अद्यतन स्थिति या मौलिकता के लिए हम जिम्मेदार नहीं हैं।
यदि किसी स्रोत या प्रकाशक को कोई आपत्ति हो, तो कृपया हमसे संपर्क करें। हम शीघ्र उचित कार्रवाई करेंगे।
— Mithilanchal News टीम


