वेलेंटाइन डे पर बजरंग दल का कहर

दरभंगा। 14 फरवरी प्यार करने वालों के लिए अहम दिन रखता है। कई प्रेमी युगल इस दिन के इंतजार में रहते हैं। समय नजदीक आते ही इसकी तैयारी भी करते हैं। लेकिन, उन प्रेमी युगल का अरमान बुधवार को पूरा नहीं हो पाया। पार्को में अथवा राज मैदान, मंदिर या अन्य जगहों पर अपने प्यार को जो इजहार करना चाहते थे उन्हें निराशा हाथ लगी।



उन लोगों पर बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने कहर बरपाने का काम किया। सुबह से ही बजरंग दल के दर्जनों कार्यकर्ता भगवा गमछा का पगड़ी बांध बाइक पर सवार होकर पूरे शहर का चक्कर लगाकर प्रेमी युगल को तलाशते रहे। जहां भी प्रेमी युगल दिखाई दिए उस पर टूट पड़े। कई लड़कों को कान पकड़वा कर उठक-बैठक कराया गया। वहीं कई लड़कियों के साथ डांट-फटकार की गई। इस दौरान कई निर्दोश व पारिवारिक लोग भी उनके भेंट चढ़ गए। इससे लोगों में नाराजगी देखी गई। बजरंग दल के कार्यकर्ता सबसे पहले एक जगह जमा हुए उसके बाद गगनभेदी नारा लगाते हुए दर्जनों बाइक के साथ कूच कर गए। कार्यकर्ताओं ने राज मैदान में पहले हुड़दंग मचाया। इसके बाद मनोकामना मंदिर, श्यामा मंदिर के पास प्रेमी युगल को तलाशने का काम किया। अधिक संख्या में युवकों को देख प्रेमी जोड़ा जान बचाकर भागते नजर। बावजूद, खदेड़ कर पकड़ लिया जाता था। कई ऐसे भी प्रेमी युगल थे जो ठीकना बदलकर दूसरे जगह पहुंच गए। लेकिन, वहां भी बजरंग दल के कार्यकर्ताओं आ धमके । सबसे ज्यादा हंगामा चंद्रधारी संग्रहालय में देखने को मिला। यहां विरासत व धरोहर देखने आए युवक व युवतियां भी उनके निशाने पर थे। कई तो अपने पारिवारिक सदस्यों के साथ आए थे। लेकिन, वेलेंटाइन डे का विरोध कर रहे कार्यकर्ताओं ने इसकी पहचान नहीं की। आक्रोश के सामने दोषी व निर्दोश दोनों ही बराबर दंड के भागी बने। कई लड़कियां तो रोने लगी। हाथ जोड़ कर अपने चेहरा को छुपा कर भागने लगी। बावजूद, उसे गलती मानने को कहा गया। संग्रहालय के प्रधान सहायक पप्पू कुमार ने बताया कि बजरंग दल के कार्यकर्ता कई बार आकर परिसर में हुड़दंग करने का काम किया। इसकी शिकायत पुलिस से की गई। लेकिन, समय पर पुलिस नहीं पहुंच पाई। यहीं कारण रहा कि बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने पूरे शहर में घूम-घूमकर प्रदर्शन किया और वेलेंटाइन डे मना रहे जोड़ों पर कहर बनकर उतर पड़े। बजरंगियों ने शहर के हर पार्क, रेस्त्रां, पिकनिक स्पॉट पर जाकर उत्पात मचाया।

admin