madhubani:नप के मुख्य पार्षद पद के लिए त्रिकोणात्मक संघर्ष की संभावना,प्रशासनिक तैयारी पूरी

    मधुबनी:नगर परिषद के मुख्य पार्षद के चुनाव को लेकर वार्ड पार्षदों में बैचेनी बढ़ती जा रही है। किसके सिर सजेगा मुख्य पार्षद का ताज यह तो वक्त ही बताएगा पर इतना तो तय है कि इस बार का मुकाबला काफी दिलचस्प होगा। मुख्य पार्षद का पद महिला के लिए आरक्षित होने के कारण कुछ तस्वीर उलझी-उलझी नजर रही है। नगर परिषद की मुख्य पार्षद रह चूकी महारानी देवी ने भी अपनी दावेदारी पेश की है। वहीं पूर्व मुख्य पार्षद रेखा नायक ने कहा कि इस चुनाव में धनबल की आवश्यकता है इसलिए वह रेस में नहीं हैं। वहीं निवर्तमान मुख्य पार्षद खालिद अनवर के परिवार की दो महिला सदस्य भी वार्ड पार्षद का चुनाव जीत गई हैं। 30 वार्डों वाले मधुबनी नगर परिषद में अल्पसंख्यक वार्ड सदस्यों की संख्या नौ हैं। यह भी नगर परिषद के मुख्य पार्षद की दौड़ में मजबूती के साथ जमे हुए हैं। वहीं राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इस चुनाव में सुनैना देवी को किसी से कम नहीं आंका जाना चाहिए क्योंकि उन्होंने कम समय में ही वार्ड पार्षदों पर अपनी पकड़ मजबूत बना ली है। कुछ अन्य महिला सदस्य भी मुख्य पार्षद बनने का सपना देख रहीं है, पर यह इतना आसान नहीं होगा। परिणाम चाहे जो भी हो संभावित महिला प्रत्याशी चुनावी गणित को अपने पक्ष में करने के लिए एडी से चोटी का जोर लगा रही है। 16 वार्ड पार्षदों का जादुई आंकड़ा अपने पक्ष में करने के लिए संभावित प्रत्याशी हर संभव प्रयास कर रहे हैं। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि अंतिम क्षण में कौन-कौन प्रत्याशी बनते हैं और कितने वार्ड पार्षदों को अपने समर्थन में गोलबंदी कर सकते हैं, वार्ड पार्षद अभी चुप्पी साधे हैं, पर मन ही मन उन्होंने किसे वोट देना है यह ठान लिया है। गैर राजनीतिक दल के आधार पर हो रहे इस चुनाव में सब अपनी-अपनी जमीन को तलाशने में जुट गए हैं।
    राज्य निर्वाचन आयोग के निदेशानुसार जिले के नगर परिषद मधुबनी, नगर पंचायत झंझारपुर, जयनगर और घोघरडीहा के नवनिर्वाचित वार्ड पार्षदों को शपथ दिलाई जाएगी। शपथ ग्रहण के बाद मुख्य पार्षद का निर्वाचन संपन्न होगा। शपथ ग्रहण कराने मुख्य पार्षद एवं उपमुख्य पार्षद के निर्वाचन के लिए स्थल निर्धारण करते हुए निर्वाची पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति कर दी गई है। नगर परिषद मधुबनी के सभा स्थल के रूप में डीआरडीए सभागार विकास भवन का चयन किया गया है, जबकि अपर समाहर्ता दुर्गानंद झा को निर्वाची पदाधिकारी बनाया गया है। नगर पंचायत जयनगर के लिए टीपीसी भवन प्रखंड परिसर जयनगर को स्थल तथा वरीय उपसमाहर्ता सत्यप्रकाश को निर्वाची पदाधिकारी बनाया गया है। झंझारपुर के लिए अनुमंडल कार्यालय सभाकक्ष को स्थल के रूप में, जबकि जिला परिवहन पदाधिकारी सुजीत कुमार को निर्वाची पदाधिकारी बनाया गया है। वहीं नगर पंचायत घोघरडीहा का स्थल निर्धारण एसडीओ कार्यालय फुलपरास के रूप में की गई है, जबकि निदेशक लेखा एवं स्व-नियोजन बृज बिहारी भगत को निर्वाची पदाधिकारी बनाया गया हैं। नप मधुबनी के निर्वाची पदाधिकारी दुर्गानंद झा ने कहा कि निर्वाचन की तिथि से तीन महीने के अंदर शपथ नहीं लेने पर पद रिक्त घोषित किया जा सकता है। सभी नवनिर्वाचित पार्षदों को अपना-अपना पहचान पत्र लेकर शपथ ग्रहण स्थल पर निर्धारित समय पर पहुंच जाना है।

    स्पष्टीकरण:
    https://mithilanchalnews.in पर प्रकाशित कुछ समाचार विभिन्न समाचार स्रोतों की RSS फ़ीड से स्वचालित रूप से लिए जाते हैं। यह सामग्री संबंधित मूल स्रोत की है और इसकी सत्यता, अद्यतन स्थिति या मौलिकता के लिए हम जिम्मेदार नहीं हैं।

    यदि किसी स्रोत या प्रकाशक को कोई आपत्ति हो, तो कृपया हमसे संपर्क करें। हम शीघ्र उचित कार्रवाई करेंगे।

    Mithilanchal News टीम

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *