बेगूसराय के भगवानपुर में मुखिया के दो बेटे की बेरहमी से हत्या
देर रात फोन कर बुलाया व धारदार हथियार से कर दी हत्या
भगवानपुर, बेगूसराय। भगवानपुर थाना क्षेत्र के रसलपुर पंचायत के मुखिया व भगवानपुर निवासी सीताराम महतो के दो पुत्र 35 वर्षीय जितेंद्र कुमार व 30 वर्षीय रामलाल की हत्या सोमवार को अपराधियों द्वारा धारदार हथियार से कर दी गई। मंगलवार को सुबह में अलग-अलग स्थानों से शव बरामद होने की सूचना मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। मुखिया के घर पर सैकड़ों की संख्या में मातमपुरशी को पहुंचे लोग आक्रोशित होकर हत्यारे की अविलंब गिरफ्तारी की मांग को लेकर समसा पीपरा मालती पथ को 8 बजे सुबह से जाम कर यातायात व्यवस्था ठप कर दिया। साथ ही बैंक, प्रखंड कार्यालय व बाजार की दुकानें भी बंद हैं।
जानकारी के अनुसार, भगवानपुर प्रखंड के रसलपुर पंचायत के मुखिया सीताराम महतो के दो पुत्र जितेंद्र कुमार व रामलाल की हत्या सोमवार की रात्रि में घर से बुला कर कर दी गयी। जितेंद्र का शव तेघड़ा थाना क्षेत्र के मध्य विद्यालय रामपुर के पास व रामलाल का शव खोदावंदपुर थाना क्षेत्र के मंझौल-रोसड़ा एसएच 55 के किनारे सागी नारायणपुर में उत्सव ढाबा के पास मिला। घटना के संबंध में मृतक के पिता सीताराम महतो ने बताया कि रात्रि के करीब 9.30 बजे किसी व्यक्ति ने मोबाइल पर फोन कर गिट्टी का रुपये लेने बुलाया। रात्रि होने के कारण रामलाल के साथ जितेंद्र भी चला गया। जब 11 बजे तक घर वापस नहीं आया तो इसकी सूचना थाना को दी गयी। घटना के बाद क्षेत्र में मातमी सन्नाटा पसर गया है व परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इधर तेघड़ा एसडीओ, डीएसपी, थानाध्यक्ष समेत कई अन्य थाना की पुलिस जाम स्थल पर पहुंची हुई है।
https://mithilanchalnews.in पर प्रकाशित कुछ समाचार विभिन्न समाचार स्रोतों की RSS फ़ीड से स्वचालित रूप से लिए जाते हैं। यह सामग्री संबंधित मूल स्रोत की है और इसकी सत्यता, अद्यतन स्थिति या मौलिकता के लिए हम जिम्मेदार नहीं हैं।
यदि किसी स्रोत या प्रकाशक को कोई आपत्ति हो, तो कृपया हमसे संपर्क करें। हम शीघ्र उचित कार्रवाई करेंगे।
— Mithilanchal News टीम


