Bihar News: बिहार के सासाराम में चिकित्सा व्यवस्था की बड़ी लापरवाही सामने आई है, जहां एक फर्जी डॉक्टर ने वीडियो कॉल के जरिए गर्भवती महिला का ऑपरेशन कर दिया. जिससे महिला की जान चली गई. घटना रोहतास जिले के जयश्री गांव की रहने वाली संगीता देवी (26) की है, जिसे प्रसव पीड़ा के बाद पहले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और फिर एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था.
वीडियो कॉल पर बात की और कर दिया ऑपरेशन
परिजनों के अनुसार, आशा कार्यकर्ता महिला को बहला-फुसलाकर सासाराम के एक निजी हॉस्पिटल लेकर गई, जहां कथित डॉक्टर राजदेव कुमार सिंह ने किसी अन्य व्यक्ति से वीडियो कॉल पर बात की और ऑपरेशन कर दिया. ऑपरेशन के दौरान संगीता की हालत बिगड़ने लगी, लेकिन डॉक्टर ने रेफर करने की अपील ठुकरा दी और वीडियो कॉल पर ही इलाज जारी रखा, जिससे संगीता की मौत हो गई. हालांकि, नवजात शिशु सुरक्षित है.
हॉस्पिटल सील, डॉक्टर और स्टाफ फरार
महिला की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल में जमकर हंगामा किया. मामला बढ़ता देख डॉक्टर और क्लीनिक स्टाफ मौके से फरार हो गए. सूचना मिलते ही सिविल सर्जन डॉ. मणिराज रंजन की टीम ने जनता हॉस्पिटल पर कार्रवाई करते हुए उसे सील कर दिया. आशा कार्यकर्ता पर भी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.
परिवार का आरोप- जानबूझकर की गई लापरवाही
मृतका की बहन सुनीता देवी का आरोप है कि डॉक्टर ने बिना किसी अनुभव के सिर्फ वीडियो कॉल पर मिली सलाह पर सर्जरी की. उसने कहा, “हमने बार-बार मरीज को रेफर करने की मांग की, लेकिन डॉक्टर ने जिद में इलाज जारी रखा. इसी लापरवाही से मेरी बहन की जान चली गई.”
फर्जी क्लीनिकों पर अब चलेगा प्रशासन का डंडा
सिविल सर्जन डॉ. मणिराज रंजन ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर अब रोहतास जिले में सभी फर्जी क्लिनिकों के खिलाफ जांच अभियान शुरू किया जाएगा. थाना प्रभारी, अंचल अधिकारी और BMO की संयुक्त टीम बनाकर ऐसे अवैध क्लीनिकों पर छापेमारी की जाएगी.
Also Read: वोटर ID में महिला की जगह छपी CM नीतीश की फोटो, बिहार से सामने आया हैरान करने वाला मामला
The post बिहार में वीडियो कॉल पर फर्जी डॉक्टर ने कराया ऑपरेशन, तड़प-तड़प कर गर्भवती महिला की गई जान appeared first on Prabhat Khabar.
https://mithilanchalnews.in पर प्रकाशित कुछ समाचार विभिन्न समाचार स्रोतों की RSS फ़ीड से स्वचालित रूप से लिए जाते हैं। यह सामग्री संबंधित मूल स्रोत की है और इसकी सत्यता, अद्यतन स्थिति या मौलिकता के लिए हम जिम्मेदार नहीं हैं।
यदि किसी स्रोत या प्रकाशक को कोई आपत्ति हो, तो कृपया हमसे संपर्क करें। हम शीघ्र उचित कार्रवाई करेंगे।
— Mithilanchal News टीम


