पानापुर ओपी के अकुराहां में वाहन जांच के दौरान तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से हुए भीषण हादसे के बाद ग्रामिणों में आक्रोश है. पांच जवानों की मौत और दो पुलिस अधिकारियों के गंभीर रूप से घायल होने के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने एनएच 28 को जाम कर दिया है. बवाल से मुजफ्फरपुर-मोतिहारी मार्ग पर आवागमन बाधित है. जमकर हंगामा किया जा रहा है. लगभग दो घंटे तक आवागमन बाधित है.
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रक ने पहले उस कार में टक्कर मारी जिसकी पुलिस टीम जांच कर रही थी. धक्के से कार एनएच 28 के दूसरे सर्विस लेन में करीब 40 फीट दूर जाकर गिरी. इसके बाद ट्रक ने पुलिस की गाड़ी और उधर-इधर भाग रहे जवानों को रौंदा डाला. मौके पर ही पांच जवानों की मौत हो गई. घटना के बाद मौके पर ही ट्रक छोड़कर चालक व खलासी भाग निकले.
आसपास के लोगों को घटना की जानकारी मिली तो तुरंत मौके पर पहुंचे. उपप्रमुख रंजन कुमार ने पुलिस व प्रशासन के वरीय अधिकारियों को इसकी जानकारी दी. साथ ही घायल पुलिस अधिकारियों को लेकर तुरंत शहर की ओर भागे. बाद में घटनास्थल पर पहुंची आसपास के थानों की टीम मृत जवानों के शव लेकर एसकेएमसीएच पहुंची.
दूसरी ओर घटना की सूचना आग की तरह आसपास के इलाकों में फैली. इसके बाद ग्रामीण एनएच 28 पर उतर आये और हंगामा शुरू कर दिये. भोर के चार बजे तक एनएच पर आवागमन बाधित रहा. बाद में पुलिस ने दुर्घटना वाले स्पॉट को घेरकर बाकी लेन से आवागमन बहाल कराया.
Source : Live Cities
https://mithilanchalnews.in पर प्रकाशित कुछ समाचार विभिन्न समाचार स्रोतों की RSS फ़ीड से स्वचालित रूप से लिए जाते हैं। यह सामग्री संबंधित मूल स्रोत की है और इसकी सत्यता, अद्यतन स्थिति या मौलिकता के लिए हम जिम्मेदार नहीं हैं।
यदि किसी स्रोत या प्रकाशक को कोई आपत्ति हो, तो कृपया हमसे संपर्क करें। हम शीघ्र उचित कार्रवाई करेंगे।
— Mithilanchal News टीम


