दरभंगा:कामेश्वरसिंह दरभंगा संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. सर्व नारायण झा की अध्यक्षता में गुरूवार को आयोजित क्रय-विक्रय समिति की बैठक में कई अहम फैसले लिए गए। सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि नवनिर्मित परीक्षा भवन में परीक्षा आदि सम्पन्न कराने के लिए फिलहाल कम से कम एक हजार परीक्षार्थियों के वास्ते बेंच-डेस्क का क्रय या निर्माण कराया जाए। उपस्कर की गुणवत्ता का पूरा ख्याल रखा जाएगा।
वहीं विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों में स्टेशनरी स्वच्छता बरकरार रखने संबंधी सामग्रियों की खरीदारी के लिए पांच लाख रुपए की अनुशंसा की गई। जानकारी देते हुए पीआरओ निशिकांत ने बताया कि विश्वविद्यालय में चल रहे पाक्षिक विशिष्ट व्याख्यान की रिकार्डिंग के लिए खरीदे गए वीडियो कैमरा की खरीदारी पर समिति ने मुहर लगा दी। वहीं सर्वसम्मति से फैसला लिया गया कि जीर्णशीर्ण हो रही गणन पंजी को सुरक्षित रखने एवं अन्य महत्वपूर्ण अभिलेखों को स्कैनिंग कर हार्ड कॉपी में संरक्षित करने के लिए एक बड़े स्कैनर का क्रय किया जाएगा। इसी तरह अतिथि निवास परिसर के कमरों को सुसज्जित करने और मूल्यांकन केंद्र वास्ते खरीदे गए पंखों समेत अन्य सामान की व्यय राशि पर भी समिति ने मुहर लगा दी। इसके पूर्व 23 मार्च को आयोजित समिति की बैठक के कार्यवृत की भी संपुष्टि कर दी गई। बैठक में वीसी डॉ. झा के अलावा कुंवरजी झा, वित्त परामर्शी एमके मालाकार, एफओ हेमन्त कुमार, डीन डॉ. शिवाकांत झा, डॉ. गंगेश ठाकुर मुख्य रूप से मौजूद थे।
https://mithilanchalnews.in पर प्रकाशित कुछ समाचार विभिन्न समाचार स्रोतों की RSS फ़ीड से स्वचालित रूप से लिए जाते हैं। यह सामग्री संबंधित मूल स्रोत की है और इसकी सत्यता, अद्यतन स्थिति या मौलिकता के लिए हम जिम्मेदार नहीं हैं।
यदि किसी स्रोत या प्रकाशक को कोई आपत्ति हो, तो कृपया हमसे संपर्क करें। हम शीघ्र उचित कार्रवाई करेंगे।
— Mithilanchal News टीम


