रजवाड़ा में टूटा बूढ़ी गंडक का बांध

    मुजफ्फरपुर:बूढ़ी गंडक नदी में जलस्तर के बढ़ते दबाव के बीच शनिवार देर रात 1:15 बजे बूढ़ी गंडक नदी का तटबंध मुशहरी के रजवाड़ा में स्लुइस गेट के पास 30 फीट की दूरी में टूट गया। कलेक्ट्रेट से करीब 5 किलोमीटर दूर बांध टूटने से रोहुआ, मुशहरी, रजवाड़ा, मनिका, कन्हौली से बीएमपी-6 समेत शहरी क्षेत्र में भी पानी पहुंचने की आशंका है। देर रात बांध टूटने की खबर मिलते ही इन इलाकों के लोगों में दहशत फैल गई। रोहुआ, मुशहरी, रजवाड़ा, कन्हौली सहित अन्य गांव के लोग रात में ही ऊंचे स्थान की ओर भागने लगे। डीएम धर्मेंद्र सिंह, एसएसपी विवेक कुमार एवं जलसंसाधन विभाग की टीम समेत प्रशासनिक अमला तत्काल मौके पर पहुंच गया। डीएम ने बताया कि फिलहाल पानी मनिका मन में गिर रहा है। पर, नदी में बढ़ते जलस्तर को देखते हुए शहर समेत अन्य इलाकों में पानी फैलने की आशंका है। उधर, जल संसाधन विभाग के बाढ़ नियंत्रण अधीक्षण अभियंता नलिनी रंजन प्रसाद सिंह ने कहा कि रजवाड़ा स्लुइस गेट में शुक्रवार से रिसाव हो रहा था। ग्रामीणों की शिकायत के बाद शुक्रवार की देर शाम स्लुइस गेट को बंद किया गया था। शनिवार की देर रात सवा एक बजे के करीब स्लुइस गेट के पास बांध टूट गया। कटाव तेजी से हो रहा है।
    1975 में भी यहां टूटा था बांध




    1975के बाद दूसरी बार यहां बांध टूटा है। उसके बाद ही स्लुइस गेट का निर्माण कराया गया था। इस बार उसी स्लुइस गेट को खोलने बंद करने के विवाद के बाद शनिवार रात यहां बांध टूट गया। इसमें जनप्रतिनिधियों का हस्तक्षेप प्रशासनिक लापरवाही कहीं कहीं बांध टूटने का कारण बना। चार दिन पहले एक स्थानीय जनप्रतिनिधि ने स्लुइस गेट को जबरन खोलवाया था। इससे गुस्साए ग्रामीणों ने शुक्रवार को पूसा मार्ग को आठ घंटे से अधिक देरी तक जाम कर दिया। इसके बाद प्रशासन ने जल संसाधन विभाग को आदेश देकर स्लुइस गेट को बंद करवा दिया।

    स्पष्टीकरण:
    https://mithilanchalnews.in पर प्रकाशित कुछ समाचार विभिन्न समाचार स्रोतों की RSS फ़ीड से स्वचालित रूप से लिए जाते हैं। यह सामग्री संबंधित मूल स्रोत की है और इसकी सत्यता, अद्यतन स्थिति या मौलिकता के लिए हम जिम्मेदार नहीं हैं।

    यदि किसी स्रोत या प्रकाशक को कोई आपत्ति हो, तो कृपया हमसे संपर्क करें। हम शीघ्र उचित कार्रवाई करेंगे।

    Mithilanchal News टीम

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *