सिंहवाड़ा:अंतर जिला लकड़ी तस्कर गिरोह के पांच सदस्यों को स्थानीय पुलिस ने खैर की लकड़ी के साथ गिरफ्तार किया है। इनके पास से एक स्विफ्ट डिजायर के साथ दो बाइक भी बरामद कर पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है। जानकारी के अनुसार, मंगलवार को सनहपुर पंचायत के मकनपुरा टोला में मो. इकबाल के घर से ट्रक पर लोड अवैध खैर की लकड़ी बरामद करने में पुलिस को सफलता हाथ लगी। इसमें शामिल अंतर जिला लकड़ी तस्कर गिरोह के पांच सदस्य को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उजले रंग की स्विफ्ट डिजायर पर सभी सवार थे। घटना स्थल से दो बाइक भी जब्त करते हुए पुलिस ने उनसे पूछताछ शुरू कर दी है। गिरफ्तार तस्करों में मोतिहारी जिला पीपरा कोठी थाना के स्व.रामेश्वर पटेल के पुत्र प्रमोद पटेल स्व.केदार पटेल के पुत्र संजीव पटेल छतौनी थाना बरियारपुर के जमालउद्दीन खान के पुत्र बाबू खान मुजफ्फरपुर हथौड़ी थाना बेरई गांव के वसी अहमद के पुत्र मो. एजाज मकनपुरा के मो. एकबाल को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। इस दौरान ट्रक चालक रविंद्र कुमार पुलिस जीप को देख कर भागने में सफल रहा। वह यूपी अलीगढ़ के नगरीया का रहने वाला है। थाना अध्यक्ष शशिकांत सिन्हा ने बताया कि सभी आरोपी के खिलाफ 33 वन्य अधिनियम भादवी 379/411 के तहत कांड संख्या 104/17 अंकित किया है। मकनपुरा के मो. इकबाल के घर पर खैर की लकड़ी ट्रक पर लोड करने की गुप्त सूचना पर सिंहवाड़ा थाना पुलिस ने यह कार्रवाई की है। वहीं, सिंहवाड़ा थाना पर आयोजित प्रेस वार्ता में एसडीपीओ दिलनवाज अहमद ने बताया कि सभी गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर उनके बारे में विस्तृत जानकारी इकट्ठा की जा रही है। वहीं, फरार ट्रक चालक का पता लगाया जा रहा है। सभी आरोपी अंतर जिला लकड़ी तस्कर गिरोह से जुड़े हैं। इनके तार और कहां-कहां से जुड़े हैं इसका पता लगाया जा रहा है।
https://mithilanchalnews.in पर प्रकाशित कुछ समाचार विभिन्न समाचार स्रोतों की RSS फ़ीड से स्वचालित रूप से लिए जाते हैं। यह सामग्री संबंधित मूल स्रोत की है और इसकी सत्यता, अद्यतन स्थिति या मौलिकता के लिए हम जिम्मेदार नहीं हैं।
यदि किसी स्रोत या प्रकाशक को कोई आपत्ति हो, तो कृपया हमसे संपर्क करें। हम शीघ्र उचित कार्रवाई करेंगे।
— Mithilanchal News टीम


