भूतही बलान नदी के सुरक्षात्मक पूर्वी तटबंध के 12.4 किमी में कटाव जारी

    फुलपरास:नेपाल के सीमाई इलाके समेत भूतही बलान नदी के जल अधिग्रहण क्षेत्र में लगातार हो रही वर्षा से अनुमंडल प्रक्षेत्र से गुजरने वाली अमूमन सारी नदियों में ऊफान है। भूतही बलान नदी का जलस्तर शुक्रवार सुबह खतरे के निशान के समीप था। नदी के प्रवाह में थोड़ी कमी आने के साथ ही सुरक्षात्मक पूर्वी तटबंध के 12.4 किलोमीटर में खुटौना प्रखंड के गोट परसाही गांव के समीप इसके तटों में तीव्र कटाव उत्पन्न हो गया। स्थानीय लोगों के मुताबिक तकरीबन दो सौ फीट में नदी की तीव्र जलधारा से तटों का कटाव जारी है।

     




    हांलाकि बाढ़ नियंत्रण विभाग के अभियंताओं के मुताबिक कटाव सुरक्षात्मक तटबंध से करीब पंद्रह मीटर दूर है। कटाव की जानकारी मिलते ही अनुमंडल पदाधिकारी मो. कमर आलम आनन-फानन में वहां पहुंचे। बाढ़ नियंत्रण अवर प्रमंडल के सहायक अभियंता आदित्य प्रकाश, कनीय अभियंता राम प्रवेश तांती एवं अन्य कर्मियों ने स्थानीय लोगों के सहयोग से तत्क्षण वहां कटाव रोधी कार्य की कमान संभाल ली है। कटाव स्थल पर बांस के शाखाओं, पेड़ों की टहनियां एवं झांखियों को डालकर कटाव से हो रहे भूस्खलन को रोका जा रहा है। सहायक अभियंता आदित्य प्रकाश ने जानकारी दी है कि बाढ़ से सुरक्षा हेतु विशेषज्ञों की टीम भी शीघ्र वहां पहुंचने वाली है। बहरहाल स्थिति को पूरी तरह नियंत्रण में बताते हुए सहायक अभियंता ने बताया है कि अन्य जगहों पर सुरक्षात्मक पूर्वी एवं पश्चिमी तटबंध पूरी तरह सुरक्षित हैं। जानकारों के मुताबिक भूतही बलान नदी नाम के अनुरुप ही विविधताओं से भरी है। अत्यधिक ऊंचाई से इसके पानी के आने के कारण इसकी जलधारा तीव्र है तथा उसमें कटाव की अतुलनीय क्षमता है। यही कारण है कि इस नदी की जलधारा सदैव बदलती रही है।

    स्पष्टीकरण:
    https://mithilanchalnews.in पर प्रकाशित कुछ समाचार विभिन्न समाचार स्रोतों की RSS फ़ीड से स्वचालित रूप से लिए जाते हैं। यह सामग्री संबंधित मूल स्रोत की है और इसकी सत्यता, अद्यतन स्थिति या मौलिकता के लिए हम जिम्मेदार नहीं हैं।

    यदि किसी स्रोत या प्रकाशक को कोई आपत्ति हो, तो कृपया हमसे संपर्क करें। हम शीघ्र उचित कार्रवाई करेंगे।

    Mithilanchal News टीम

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *