क्या भारत माँ चाहेगी की उसके बच्चे आपस मे लड़-मरे!.. एक खास टिप्पणी..

    भारत माता ! भारत पुल्लिंग है और माता स्त्री लिंग ! ये विरोधाभास कम था जो कोई कहता है भारत माता कहो और कोई कहने से इंकार करता है !

    इन बातों की तह तक जाकर देखा जाए तो पता चलता है कि कुछ लोग गद्दी , नाम ,शोहरत और पैसों के लिए सोंची समझी सियासत के तहत धर्म के नाम पर धार्मिक मुद्दे का पासा फेंकते रहते हैं , किसी को सीढ़ी मिलती है तो किसी को साँप के मुंह वाला भाग !
    ये कुछ और है भी नहीं , सिवाए साँप-सीढ़ी के खेल के ! इसे कोई और नाम देना मुझे अभी खल रहा है ! साँप-सीढ़ी के इस खेल में मारी तो आम जनता ही जाती है !

    ये तो हम सभी जानते हैं कि हमारे भारत देश में साक्षरता दर बहुत ही कम है , पर पढ़े-लिखे लोग भी इतने ना समझ कैसे हो सकते हैं ? अचरज होता है ,अचरज होता है इस बात पर कि लोग ये क्यों नहीं समझ पा रहे कि हमारे देश का संविधान इस तरह के दब-दबे को विकृत मानसिकता का फल मानता है ! तो क्या कुछ मुट्ठी भर लोग हमारे देश के संविधान से बढ़ कर हैं ?

    अब बात थोड़े भाषाई ज्ञान की भी हो जाए तो अच्छा रहेगा !
    जिस देश में हमारा जन्म होता है अंग्रेज़ी में उसे मदर लैण्ड कहते हैं और उस जगह की भाषा को ” मदर टंग ” कहते हैं !
    इसी तरह उर्दू भाषा में इसे मादरे वतन और बोली जाने वाली ज़बान को ” मादरी ज़बान ” कहते हैं तथा हिंदी में इसे मातृभूमि और मातृभाषा कहा जाता है !
    अब ज़रा सा मैं हिंदी में बदलाव करते हुए मातृ को माँ और भूमि को धरती कहुं तो अतिशयोक्ति ना होगी ! थोड़ा और बदल कर मैं धरती के स्थान पर अपने देश भारत का नाम लिखुं तो क्या हर्ज़ है ! अब मातृभूमि के बदले हुए स्वरूप को भारत माँ कहना वैसा ही है जैसा कि मादरे वतन कहना ! साफ़ शब्दों में कहा जाए तो भारत माँ मादरे वतन का अनुवाद मात्र ही है ! पर धर्म और मज़हब को निशाना बनाने वालों ने सारे भाषाई ज्ञान की एैसी की तैसी कर दी ! हाय इन्हें लोगों को लड़वाने के लिए फ़िर कुछ मिल गया !
    एै मेरी मादरे वतन , ओ माई मदर लैण्ड , एै मेरी भारत माँ ” प्रे फ़ोर अस ” ! क्योंकि कौन माँ चाहेगी कि उसके बच्चे ( चाहे वह कितने ही अच्छे या कितने ही बुरे हों ) आपस में लड़ मरें और माँ के आँचल को लहू – लुहान कर दें !

    रेशमा ख़ातून.

    स्पष्टीकरण:
    https://mithilanchalnews.in पर प्रकाशित कुछ समाचार विभिन्न समाचार स्रोतों की RSS फ़ीड से स्वचालित रूप से लिए जाते हैं। यह सामग्री संबंधित मूल स्रोत की है और इसकी सत्यता, अद्यतन स्थिति या मौलिकता के लिए हम जिम्मेदार नहीं हैं।

    यदि किसी स्रोत या प्रकाशक को कोई आपत्ति हो, तो कृपया हमसे संपर्क करें। हम शीघ्र उचित कार्रवाई करेंगे।

    Mithilanchal News टीम

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *